गरियाबंद। CG News: स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले दो वरिष्ठ कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्टर रणबीर शर्मा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोपरा में एनएमए के पद पर कार्यरत रहे दौवा राम चक्रधारी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिंगेश्वर में सेक्टर पर्यवेक्षक के पद पर रहे लेखराम वर्मा को पेंशन आदेश, शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में दोनों कर्मचारियों को उनके विभिन्न स्वत्वों की स्वीकृति संबंधी पत्रों की प्रतियां भी सौंपी गईं। कलेक्टर ने उनके सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सेवाकाल के योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, ऋषा ठाकुर, खंड चिकित्सा अधिकारी फिंगेश्वर डॉ. स्नेहलता हुमने, जिला कार्यक्रम प्रबंधक गणपत नायक, खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी योगेश पराना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कुष्ठ रोग उन्मूलन में दौवा राम चक्रधारी का योगदान
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति हर अधिकारी और कर्मचारी के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। सेवाकाल के दौरान कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज और शासन के लिए महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
उन्होंने दौवा राम चक्रधारी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने 37 वर्षों से अधिक समय तक कुष्ठ रोग उन्मूलन और जनजागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं। कुष्ठ रोग के प्रति लोगों को जागरूक करने और कुष्ठ मिशन के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने में उनका योगदान प्रेरणादायी है।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अनुभव को बताया प्रेरणादायी
कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवाकाल को याद करते हुए उनके अनुभव और सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों कर्मचारियों का योगदान विभाग के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।
सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।

