CG Doctors Strike: छत्तीसगढ़ में जूनियर डॉक्टरों की चार दिनों से जारी हड़ताल सोमवार को समाप्त हो गई। जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। बैठक में सरकार की ओर से प्रमुख मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन मिलने के बाद एसोसिएशन ने हड़ताल वापस लेने का फैसला किया।
बॉन्ड राशि और सेवा अवधि में राहत की मांग
बैठक के दौरान जूनियर डॉक्टरों ने पीजी बॉन्ड की राशि 50 लाख रुपए से घटाकर 10 लाख रुपए करने और अनिवार्य ग्रामीण सेवा की अवधि दो साल से घटाकर एक साल करने की मांग रखी। स्वास्थ्य मंत्री ने इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
1 अक्टूबर से बढ़ेगा स्टाइपेंड
सरकार ने मेडिकल और डेंटल कॉलेजों के पीजी विद्यार्थियों के स्टाइपेंड में भी बढ़ोतरी की घोषणा की है। प्रथम वर्ष के पीजी छात्रों का स्टाइपेंड 67,500 रुपए से बढ़ाकर 85,050 रुपए, द्वितीय वर्ष का 71,450 रुपए से बढ़ाकर 90,027 रुपए और तृतीय वर्ष का 74,600 रुपए से बढ़ाकर 93,996 रुपए प्रतिमाह किया जाएगा।
MBBS इंटर्न को भी मिलेगा लाभ
MBBS इंटर्न का मासिक स्टाइपेंड भी बढ़ाया गया है। 1 अक्टूबर से उन्हें 25 हजार रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा। नई दरें प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में लागू होंगी।

