CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में करीब 36 घंटे तक लगातार हुई बारिश के बाद फिलहाल बारिश थम गई है, लेकिन कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। राजधानी रायपुर में खारून नदी का जलस्तर बढ़ने से महादेवघाट पुल करीब 12 साल बाद जलमग्न हो गया। पुल के ऊपर लगभग 2 फीट पानी बहने के कारण प्रशासन ने दोनों ओर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद कर दिया है।
रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2 स्थित ईडब्ल्यूएस बी ब्लॉक, भाटागांव, प्रोफेसर कॉलोनी और काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बंद की गई है। वहीं, पानी में करंट आने की आशंका को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
धमतरी में तेज बहाव में बही कार
धमतरी जिले में जलमग्न पुल पार करते समय एक कार तेज बहाव में बह गई। कार में सवार दो लोगों ने शीशा तोड़कर बाहर निकलते हुए अपनी जान बचाई। लगातार बारिश के चलते गंगरेल बांध के 14 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
दुर्ग में 55 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू
बारिश और बाढ़ जैसे हालात के बीच दुर्ग जिले में प्रशासन ने फंसे हुए 55 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। वहीं, जगदलपुर, गरियाबंद, कांकेर, बालोद और बिलासपुर के कई निचले इलाकों में घरों में पानी भर गया है। बस्तर संभाग में कई सड़कें जलमग्न होने से आवागमन प्रभावित हुआ है।
स्कूल बंद, ट्रेनें और फ्लाइट भी प्रभावित
भारी बारिश को देखते हुए प्रदेशभर के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। खराब मौसम और जलभराव के कारण 6 ट्रेनों और एक फ्लाइट का संचालन भी प्रभावित हुआ है।
अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।



