Raipur Ganesh Visarjan: रायपुर में 25 सितंबर से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू होगा। इसके लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन महादेव घाट स्थित कुंड में किया जाएगा, जबकि छोटी प्रतिमाओं के लिए शहर में 43 स्थानों पर अस्थायी कुंड बनाए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खारून नदी, तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब सहित अन्य जलाशयों में प्रतिमा विसर्जित करने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। (रायपुर गणेश झांकी)
महादेव घाट विसर्जन कुंड की जिम्मेदारी नगर निगम ने संभाल ली है। यहां 25 सितंबर सुबह 6 बजे से 1 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। विसर्जन स्थल पर गोताखोर, मोटर बोट, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी रहेगी।
विसर्जन और झांकियों को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का प्लान तैयार किया है। गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों के साथ हुई बैठक में पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ के अधिकारियों ने जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
विसर्जन के दौरान शहर में एक हजार से ज्यादा पुलिस जवान तैनात रहेंगे। समितियों को निर्धारित विसर्जन स्थल का उपयोग करने, साउंड सिस्टम तय मानकों के अनुसार रखने और डीजे के बेस व वाइब्रेशन मोड को नियंत्रित रखने के निर्देश दिए गए हैं। (रायपुर गणेश विसर्जन)
झांकी रूट पर ड्रोन से निगरानी (Raipur Ganesh Jhanki)
रायपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए झांकी मार्गों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी करने का निर्णय लिया है। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी।
महादेव घाट तक रहेगा वन-वे ट्रैफिक
27 सितंबर को झांकियां शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, कोतवाली, सदर बाजार, सत्ती बाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती थाना चौक, लीली चौक, लाखेनगर चौक और सुंदरनगर होते हुए महादेव घाट पहुंचेंगी। लाखेनगर चौक से महादेव घाट रिंग रोड तक यातायात वन-वे रहेगा। विसर्जन के बाद वाहनों की वापसी एनीकट मार्ग, भाठागांव चौक और रिंग रोड-1 से कराई जाएगी।
तालाबों में विसर्जन पर होगी कार्रवाई
नगर निगम ने शहर के सभी प्रमुख तालाबों और जलाशयों में प्रतिमा विसर्जन पर प्रतिबंध लगाया है। केवल निर्धारित विसर्जन स्थलों और अस्थायी कुंडों का ही उपयोग किया जा सकेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। (Raipur Ganesh Utsav)
डीजे, नशा और हथियार पर सख्ती
प्रशासन ने झांकियों के दौरान डीजे और साउंड सिस्टम का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार करने के निर्देश दिए हैं। बेस और वाइब्रेशन मोड सीमित रखने पर भी सहमति बनी है। इसके अलावा झांकी में नशे का सेवन, हथियार या धारदार वस्तु ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। पुलिस ने सभी समितियों से सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।



