CG Vidhansabha Winter Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान सड़क निर्माण और मरम्मत का मुद्दा गरमा गया। कांग्रेस विधायक हर्षिता बघेल ने डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी मरम्मत योग्य सड़कों की स्थिति को लेकर सवाल उठाया और विभागीय मंत्री के जवाब को गलत करार दिया।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक हर्षिता बघेल ने राजनांदगांव और खैरागढ़ जिले में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अंतर्गत आने वाली सड़कों की जानकारी मांगी। इस पर लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने बताया कि दोनों जिलों में कुल 48 सड़कें मरम्मत योग्य हैं। इनमें से 39 सड़कों के टेंडर हो चुके हैं, 4 सड़कों का काम पूर्ण हो गया है, जबकि 5 सड़कों पर अभी कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है।
मंत्री के जवाब पर असहमति जताते हुए कांग्रेस विधायक हर्षिता बघेल ने कहा कि जिन 48 सड़कों की बात की जा रही है, उनमें से किसी भी सड़क पर मरम्मत का कार्य नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने मंत्री द्वारा दी गई जानकारी को गलत और भ्रामक बताया।

इस पर मंत्री अरुण साव ने कहा कि सभी तथ्यों की विस्तृत जानकारी परिशिष्ट में दी गई है। जवाब को लेकर सदन में तकरार बढ़ने पर आसंदी ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि मंत्री द्वारा पूरी जानकारी दी जा रही है और प्रश्न का उत्तर नियमों के तहत दिया गया है।
सड़क मरम्मत को लेकर उठे इस सवाल पर सदन में कुछ देर के लिए तीखी बहस देखने को मिली, जिससे सत्र का माहौल गर्म हो गया।
