Durg Murder: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चरित्र शंका के चलते पति ने पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी के सिर पर मुक्के मारे और फिर गला दबाकर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद हत्या को छिपाने के लिए आरोपी पत्नी को बीमार बताकर अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन पुलिस जांच में पूरा मामला खुल गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम अगर का है। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच 26 वर्षीय त्रिलोक खांडे और उसकी पत्नी अन्नू खांडे के बीच विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर आरोपी ने विवाद के दौरान पहले उसके सिर पर कई बार मुक्के मारे और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पोस्टमार्टम में मिले चोट के निशान
वारदात के बाद आरोपी ने घटना को छिपाने के लिए पत्नी की तबीयत खराब होने की बात कही और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अन्नू को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। नवविवाहिता की मौत को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई। जांच में महिला के सिर पर चोट के निशान मिले। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत हत्या के कारण होने की पुष्टि हुई।
पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद चल रहा था। दोनों 21 फरवरी 2026 को तलाक के लिए धमधा न्यायालय भी गए थे। वहीं अन्नू को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता से मारपीट का मामला भी जामुल थाने में दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी पति त्रिलोक खांडे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



