CG Bus Accident: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। कर्मचारियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक कर्मचारी घायल हो गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के करहीभदर के पास की है।
बालोद से धमतरी जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बस धमतरी की डीआरडी कंपनी की बताई जा रही है। बस में बड़ी संख्या में कर्मचारी सवार थे। शनिवार सुबह बस बालोद से धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान करहीभदर के पास चालक का नियंत्रण बिगड़ने से बस पलट गई।
बस पलटते ही मची चीख-पुकार
बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया।
एक घंटे बाद निकाला गया शव
हादसे में मृत युवक का शव बस के अंदर फंस गया था। काफी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में शव को बाहर निकाला जा सका। वहीं सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

