CG News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खारून नदी के एनीकट में बहे युवक का शव 17 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। पाटन क्षेत्र के ओदरागहन एनीकट में बाइक फिसलने के बाद युवक तेज बहाव में बह गया था। हादसे में उसके साथ मौजूद दोस्त ने तैरकर अपनी जान बचा ली थी।![]()
मृतक की पहचान धमतरी जिले के ग्राम तर्रागोंदी निवासी सुरेंद्र कुमार यादव (38) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर की रात सुरेंद्र विश्वकर्मा जयंती कार्यक्रम देखने के बाद बाइक से धमतरी लौट रहा था। इसी दौरान ओदरागहन एनीकट पार करते समय काई लगी होने के कारण बाइक फिसल गई और वह नदी के तेज बहाव में गिर गया।
दोस्त ने बाइक पकड़कर बचाई जान
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान सुरेंद्र के साथ मौजूद युवक ने किसी तरह बाइक को पकड़ लिया और तैरकर अपनी जान बचा ली। लेकिन सुरेंद्र तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
17 घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान
घटना की जानकारी मिलने के बाद रानितराई थाना पुलिस और SDRF दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने नदी में सघन तलाश अभियान चलाया। करीब 17 घंटे की मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह सुरेंद्र का शव नदी से बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


