CG Budget 2027-28: साय सरकार ने शुरू की चौथे बजट की तैयारी, 20 नवंबर तक विभागों से मांगे प्रस्ताव

CG Budget 2027-28: छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2027-28 के बजट की तैयारियां शुरू कर दी हैं। वित्त विभाग ने सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और विभागाध्यक्षों को पत्र जारी कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर बजट प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं। विभागों को 20 नवंबर तक अपने अंतिम प्रस्ताव जमा करने होंगे।

वित्त विभाग के अनुसार 1 अक्टूबर से बजट प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद 1 से 17 दिसंबर तक वित्त सचिव विभिन्न विभागों के सचिवों के साथ बजट प्रस्तावों पर चर्चा करेंगे। वहीं 4 से 18 जनवरी के बीच वित्त मंत्री विभागीय मंत्रियों के साथ बैठक कर नए व्यय प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय लेंगे।

नए व्यय प्रस्तावों को लेकर जारी किए निर्देश

वित्त सचिव ने जारी पत्र में कहा है कि आदिवासी क्षेत्र उपयोजना और अनुसूचित जाति विशेष घटक योजना से जुड़े बजट प्रस्ताव आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के वित्तीय सलाहकार प्रकोष्ठ को भेजे जाएं। साथ ही वर्ष 2027-28 के बजट में अपरीक्षित मदों की तुलना में परीक्षित व्यय प्रस्तावों को प्राथमिकता दी जाएगी।

समय-सीमा में प्रस्ताव भेजने के निर्देश

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अपरीक्षित नवीन मदों के प्रस्तावों पर केवल मंत्री-स्तरीय बैठक में ही विचार किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अपनी योजनाओं का समेकित बजट प्रस्ताव संबंधित विभागों से समन्वय कर तैयार करेगा और तय समय के भीतर वित्त विभाग को भेजेगा।

इसके अलावा केंद्र प्रायोजित योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित विभागों को केंद्र सरकार के विभागों से समन्वय कर SNA-SPARSH मॉडल के तहत आवश्यक बजट शीर्ष खोलने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन और राशि का आवंटन प्रभावित न हो।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *