Raigarh Murder: रायगढ़ में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। रामभांठा स्थित पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट में मिले किशोर के शव के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में युवती से जुड़े विवाद और एकतरफा प्रेम की बात सामने आई है।
चक्रधर समारोह देखने निकला था किशोर
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे 16 वर्षीय किशोर चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। अगले दिन 15 सितंबर को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि रामभांठा क्षेत्र के पुराने बस डिपो के पास एक खाली प्लॉट में किशोर का शव पड़ा है।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। परिजनों ने शव की पहचान अपने 16 वर्षीय बेटे के रूप में की। जांच में किशोर के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की और जानकारी जुटाई। इस दौरान किशोर को आखिरी बार दो युवकों के साथ देखे जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने शिवम बरेठ और शिवम बानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
एकतरफा प्रेम को लेकर विवाद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिवम बानी का एक स्थानीय युवती से लगाव था। किशोर का भी उस युवती से मेलजोल था। घटना वाली रात आरोपी ने किशोर को युवती के साथ देखा, जिसके बाद उसे रामलीला मैदान के पास बुलाया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि शिवम बरेठ ने किशोर का मोबाइल अपने पास रख लिया और उसे वापस करने के लिए रुपये मांगने की बात कही। इसके बाद दोनों आरोपी किशोर को मोबाइल के साथ पुराने बस डिपो की ओर ले गए।
पत्थर से हमला कर हत्या
पुलिस के अनुसार, पुराने बस डिपो के पास दोनों आरोपियों ने किशोर को युवती से बातचीत बंद करने की बात कहते हुए डराया-धमकाया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दोनों ने पत्थर से किशोर के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
मोबाइल और कपड़े किए गए जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल बरामद किया है। इसके अलावा घटना के समय पहने गए कथित रक्तरंजित कपड़े भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन की जांच भी की और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने शिवम बरेठ और शिवम बानी को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम बरेठ के खिलाफ पहले भी मारपीट के मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।




