CG Lightning Strike: आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत, दूसरे का इलाज जारी; पेड़ के नीचे खड़े दोनों

Lightning Strike:

CG Lightning Strike: दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। हादसा लिटिया चौकी क्षेत्र के मोहंदी मोड़ के पास बांध के नजदीक हुआ।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। दोपहर करीब 12:30 बजे दो युवक दुर्ग-खैरागढ़ मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। बारिश तेज होने पर दोनों मोहंदी मोड़ के पास बांध के नजदीक एक पेड़ के नीचे रुक गए। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए।

बिजली गिरने से एक युवक की मौत

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची लिटिया चौकी पुलिस ने दोनों युवकों को देखा, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान 30 वर्षीय गजराज साहू निवासी मोहंदी के रूप में हुई है।

वहीं, घायल युवक की पहचान संजय ठाकुर निवासी बुंदेली, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल सामान्य है।

पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पेड़ के नीचे खड़े थे युवक

बताया जा रहा है कि दोनों युवक बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े हुए थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से यह हादसा हो गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *