CG News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पिकनिक मनाने पहुंचे कॉलेज के तीन छात्र हसदेव नदी के तेज बहाव में बह गए। हादसे में एक छात्र का शव करीब 18 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है, जबकि 2 छात्रों की तलाश अभी भी जारी है।![]()
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने के लिए देवरी गांव पहुंचे थे। इस दौरान नदी किनारे सेल्फी लेते समय एक छात्र का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के लिए नदी में कूदे दो अन्य छात्र भी बह गए।
एक छात्र का शव बरामद
हसदेव नदी में बहे छात्रों में से पवन लाल (22) का शव नगर सैनिकों और गोताखोरों की टीम ने 18 घंटे की मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। वहीं, मुरारी साहू (22) और सचिन सिंह (23) अभी भी लापता हैं। दोनों की तलाश के लिए पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार अभियान चला रही है।

चौकसे कॉलेज के प्रथम वर्ष के छात्र थे तीनों
सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के अनुसार, बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी फार्मा प्रथम वर्ष के 8 छात्र-छात्राएं शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे देवरी गांव पहुंचे थे। इनमें 4 छात्र और 4 छात्राएं शामिल थीं।

बताया गया कि मुरारी साहू, पवन लाल और सचिन सिंह नदी किनारे खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में चला गया। उसे बचाने की कोशिश में दोनों अन्य छात्र भी नदी में उतर गए और तीनों बह गए।

तलाश में जुटी गोताखोरों की टीम
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद नगर सैनिक गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार दोनों लापता छात्रों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने छात्रों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि तीनों छात्र अंबिकापुर, मरवाही और कवर्धा क्षेत्र के रहने वाले हैं।


