CG Election: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनावी रणनीति को मजबूत करने के लिए प्रदेश के 4 नगर निगम समेत कई नगर पालिका और नगर पंचायतों में पर्यवेक्षकों और सह-पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।
कांग्रेस ने चुनावी गतिविधियों की समीक्षा, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से 4 नगर निगम, 5 नगर पालिका और 6 नगर पंचायतों की जिम्मेदारी नेताओं को सौंपी है। नियुक्त किए गए पर्यवेक्षकों को तत्काल अपने प्रभार वाले क्षेत्रों में पहुंचकर चुनावी तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए गए हैं।
बीरगांव नगर निगम की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया को दी गई है। वहीं मोतीलाल देवांगन और लेखराम साहू को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है।
भिलाई नगर निगम की कमान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू को सौंपी गई है। उनके साथ दीपक दुबे को सह-पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
रिसाली नगर निगम के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को पर्यवेक्षक बनाया गया है, जबकि भिलाई-चरौदा नगर निगम की जिम्मेदारी पूर्व विधायक विकास उपाध्याय को मिली है। यहां कन्हैया अग्रवाल और राजेन्द्र साहू को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

