CG Murder: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में जादूटोना के शक में एक ग्रामीण की हत्या कर शव को श्मशान घाट में जला देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों की पहचान कर ली है और उनके खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना कुआकोंडा थाना क्षेत्र के पोरोपरिया पटेलपारा की है।
जादूटोना के शक में हत्या
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि पोरोपरिया पटेलपारा में एक व्यक्ति की जादूटोना करने के शक में हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी शव को श्मशान घाट ले गए और उसे जला दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
6 आरोपियों की हुई पहचान
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल 6 आरोपियों की पहचान कर ली है। इनमें कोसा मंडावी, नंदा मंडावी, नंदा कवासी, आयता कवासी, भीमा मंडावी और हिड़मा बारसे शामिल हैं। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में जादूटोना के शक में हत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, सभी आरोपियों की भूमिका और शव जलाने की पूरी घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
