CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खेलते-खेलते कुएं में गिरने से 3 साल के मासूम की मौत हो गई। घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 पुरानी बस्ती के दादर बस्ती की है। मासूम 2 भाइयों में छोटा था और आंगनबाड़ी जाता था।![]()
जानकारी के मुताबिक, अभियांस पटेल घर में खेल रहा था। इसी दौरान खेलते हुए वह घर से लगी बाड़ी में स्थित कुएं के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। काफी देर तक जब मासूम दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान परिजनों को पता चला कि अभियांस कुएं में गिर गया है। इसके बाद उसे तत्काल बाहर निकाला गया और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम के पिता सतानंद पटेल खेती-किसानी और बाड़ी में सब्जी लगाने का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश होने के कारण कुएं में पानी भरा हुआ था।
