CG Bus Accident: बेमेतरा जिले के खड़सरा चौकी क्षेत्र के ग्राम बंसापुर-सेमरिया में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 4 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। डीएवी पब्लिक स्कूल जांता की बस की चपेट में आने से मासूम शिवि साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, सेमरिया निवासी साधना साहू स्कूल बस में बैठने के लिए घर से बाहर निकली थी। उसकी चार वर्षीय छोटी बहन शिवि साहू भी उसके पीछे-पीछे बाहर आ गई। इसी दौरान स्कूल बस बच्चों को लेने पहुंची थी। बच्चे बस में सवार हो रहे थे। जैसे ही बस आगे बढ़ी, शिवि बस के पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।![]()
बड़ी बहन के पीछे-पीछे बाहर आई थी बच्ची
मृतक बच्ची के चाचा शिव साहू ने बताया कि बच्चों को स्कूल बस में बैठाने के लिए उनके दादा बाहर गए थे। बड़ी बहन साधना के पीछे-पीछे शिवि भी घर से बाहर निकल आई थी। बच्चों को बस में बैठाने के बाद बस जैसे ही आगे बढ़ी, बच्ची उसके सामने आ गई और हादसा हो गया।
हादसे के बाद चालक फरार
घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर खड़सरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल बस को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बच्ची के शव को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंचे। पुलिस हादसे के कारणों और बस चालक की भूमिका की जांच कर रही है। फरार चालक और परिचालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है।


