Raipur Blue Water: राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित नकटी गांव के ब्लू वाटर खदान में डूबे 24 वर्षीय युवक का 36 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन पानी की अधिक गहराई के कारण तलाश में कठिनाई आ रही है।
दोस्तों के साथ लगी थी तैरने की शर्त
मौदहापारा निवासी आदिल खान (24) बुधवार को अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच खदान के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लगी। आदिल और उसका एक दोस्त पानी में कूद गए। दोस्त सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन आदिल गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना का वीडियो आया सामने
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आदिल पानी में डूबता दिखाई दे रहा है। हादसे के बाद उसके दोस्तों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
गहराई के कारण सर्च ऑपरेशन में परेशानी
सूचना मिलने पर माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। पहले दिन अंधेरा होने के कारण सर्च अभियान शुरू नहीं किया जा सका। गुरुवार सुबह से टीम लगातार युवक की तलाश कर रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है।
https://www.instagram.com/reel/DcQRVFZIAao/?igsi=YWl0cjczM204bTF2
ब्लू वाटर में पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर खदान पहले भी कई हादसों का गवाह बन चुकी है। पिछले नौ वर्षों में यहां डूबने की नौ घटनाओं में लोगों की मौत हो चुकी है। आदिल का शव मिलने पर यह संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी।



