Raipur News: 15 अगस्त के मद्देनजर रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कमिश्नरेट के तीनों जोन में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। प्रमुख एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर 24 घंटे नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 800 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं।![]()
चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ी
रायपुर पुलिस ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में विशेष जांच अभियान शुरू किया है। होटल, लॉज, सराय, धर्मशाला और अन्य ठहरने वाले स्थानों की भी सघन जांच की जा रही है। इसके साथ ही विभिन्न इलाकों में पुलिस की फुट पेट्रोलिंग लगातार बढ़ाई गई है।
संदिग्ध लोगों और वाहनों पर कड़ी नजर
पुलिस आदतन अपराधियों, निगरानीशुदा व्यक्तियों और संदिग्ध लोगों की लगातार जांच कर रही है। संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शहर में आने-जाने वाले वाहनों की भी सघन जांच की जा रही है।
ड्रोन और ITMS से निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आईटीएमएस के माध्यम से यातायात और वाहनों की निगरानी की जा रही है। इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।




