Narhara Waterfall: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले स्थित नरहरा वाटरफॉल में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। झरने में नहाने के दौरान दो युवक पानी के तेज बहाव में बह गए। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।![]()
50 फीट तक बह गए युवक
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक तेज बहाव में करीब 50 फीट तक बह गए। राहत की बात यह रही कि वाटरफॉल में लगी रेलिंग के सहारे दोनों ने खुद को संभाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाई। रेलिंग के सहारे दोनों युवकों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान वाटरफॉल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बारिश में बढ़ रही सैलानियों की भीड़
नरहरा वाटरफॉल इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। धमतरी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से लोग यहां घूमने पहुंच रहे हैं। कई पर्यटक तेज बहाव के बीच नहाने उतर जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है।



