Kawardha News: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी एक चिंताजनक खबर सामने आई है। भोरमदेव अभ्यारण अंतर्गत जामपानी क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से दो बाइसन की मौत हो गई। इस घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। आशंका जताई जा रही है कि शिकारियों द्वारा करंट बिछाकर बाइसन का शिकार किया गया है। यह मामला बोड़ला विकासखंड के कवर्धा बिट क्षेत्र का बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पिछले दो महीनों के भीतर इसी क्षेत्र में चार बाइसन की मौत हो चुकी है, जिससे वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वन मंडल अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने जांच के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी तैनात किया है। प्रारंभिक जांच में करंट लगाकर शिकार किए जाने की आशंका को बल मिला है। इस मामले में वन विभाग की टीम ने दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वन्य प्राणी संरक्षण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद लगातार हो रही बाइसन मौतों ने विभागीय दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।
