CG Bear Attack: बालोद जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम पंचायत भंवरमला के आश्रित ग्राम रायगढ़ में जंगल में शौच के लिए गए एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में 60 वर्षीय ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके कंधे समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। घायल का डौंडीलोहारा अस्पताल में उपचार जारी है।![]()
झाड़ियों से अचानक निकला भालू
रायगढ़ निवासी संत राम मंडावी जंगल में शौच के लिए गए थे। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक एक भालू निकल आया। संत राम ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन भालू ने उनका पीछा कर हमला कर दिया। उन्होंने शोर मचाकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
हमले में घायल होने के बाद संत राम मंडावी किसी तरह गांव पहुंचे। उनकी हालत देखकर ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें डौंडीलोहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
कई दिनों से इलाके में घूम रहा था भालू
घायल संत राम मंडावी ने बताया कि पिछले कई दिनों से उसी क्षेत्र में भालू दिखाई दे रहा था। ग्रामीणों ने भी इसकी जानकारी कई बार संबंधित विभाग को दी थी। इसके बावजूद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

