Raipur Breaking: रायपुर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए राजधानी में एक बड़ी डकैती की साजिश को विफल कर दिया। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने पंडरी स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में डकैती की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी रात में वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नए रोड के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि 1 अप्रैल 2026 को उनके एक साथी ने शोरूम की रेकी की थी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, आने-जाने के रास्तों और वारदात को अंजाम देने की पूरी रणनीति तैयार की गई थी। फरार आरोपी मोबाइल के माध्यम से रेकी की तस्वीरें साझा कर योजना को अंतिम रूप दे रहे थे।
इन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने गुढ़ियारी थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ हथियारों के स्रोत और पूरे गिरोह के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
• देवांश शर्मा (19), सागरपुर, दिल्ली
• सुशांत कुमार पासवान (19), नजफगढ़, दिल्ली
• मयंक सिंह (19), सिकंदरपुर, मुजफ्फरपुर, बिहार

