CG School Video: गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) में स्कूल परिसर के भीतर शराब पार्टी करने वाले दोनों शिक्षकों को शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की है।![]()
जानकारी के अनुसार, स्कूल के शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें दोनों स्कूल कार्यालय में शराब पीते और चखना खाते नजर आए। घटना के दौरान कई छात्र-छात्राएं स्कूल परिसर में मौजूद थे, जबकि पढ़ाई प्रभावित होने की बात भी सामने आई थी।
दोनों शिक्षक निलंबित
वीडियो वायरल होने के बाद संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर ने दोनों शिक्षकों के निलंबन का आदेश जारी किया। इससे पहले दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभाग ने निलंबन की कार्रवाई की।

निलंबन आदेश के अनुसार, दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मैनपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की विभागीय जांच जारी रहेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

