Korba Cable Theft: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मोबाइल टावर की केबल काटते हुए दो युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने दोनों को रस्सी से बांधकर पीटा और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सीतामणी स्थित राम मंदिर परिसर का है।![]()
जानकारी के अनुसार, दो नों युवक दिनदहाड़े मोबाइल टावर की केबल काट रहे थे। आसपास के लोगों को संदेह होने पर वे मौके पर पहुंचे और दोनों को पकड़ लिया। केबल कटने से इलाके का मोबाइल नेटवर्क प्रभावित हुआ, जिसके बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने दोनों की पहचान एकलाख खान और लक्की के रूप में की है। लोगों का दावा है कि दोनों नशे की हालत में थे। उनके पास से गांजा, चिलम और नशीले इंजेक्शन की शीशियां मिलने की भी बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इन बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
3 महीने में 33 से अधिक मोबाइल टावरों में चोरी
मोबाइल टावर से जुड़े कर्मचारियों के अनुसार, पिछले तीन महीनों में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 33 से अधिक मोबाइल टावरों में चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं हो चुकी हैं। कर्मचारियों को आशंका है कि टावरों से केबल, बैटरी और अन्य उपकरण चोरी करने वाला कोई संगठित गिरोह सक्रिय है, जो अब दिन के समय भी वारदातों को अंजाम दे रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक ऐसे किसी गिरोह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।



