CG Murder: जांजगीर-चांपा जिले में लिफ्ट देने के बाद एक चौकीदार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। रविवार रात चांपा रोड पर दो नाबालिगों ने लूट की नीयत से 52 वर्षीय चौकीदार पर चलती मोटरसाइकिल में हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चौकीदार की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।![]()
काम पर जाते समय मांगी लिफ्ट
मृतक की पहचान खोखरा गांव निवासी राधेश्याम सूर्यवंशी (52) के रूप में हुई है। वह कुलीपोटा स्थित एक कबाड़ी दुकान में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। रविवार रात करीब 9:30 बजे वह मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान कचहरी चौक के पास दो नाबालिगों ने उनसे लिफ्ट मांगी।
चलती बाइक में किया हमला
पुलिस के अनुसार, मेगा मार्ट के पास पहुंचने पर दोनों नाबालिगों ने राधेश्याम सूर्यवंशी से पैसे मांगे। विरोध करने पर उन्होंने चलती मोटरसाइकिल में ही चाकू जैसे धारदार हथियार से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राधेश्याम सड़क पर गिर पड़े, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में हुई मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल राधेश्याम को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
CCTV से हुई पहचान
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर दोनों नाबालिगों की पहचान की। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
लूट की नीयत से वारदात
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि दोनों नाबालिगों ने नशे के लिए पैसे लूटने की नीयत से हमला किया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।



