CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में आज कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं।![]()
पिछले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से केवल 5 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जिसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है।
पुल टूटा
लगातार बारिश के कारण बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर बांसाझाल स्थित पुल दो हिस्सों में टूट गया। हादसे के दौरान पुल से गुजर रही एक यात्री बस बीच में फंस गई। सभी यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन पुल क्षतिग्रस्त होने से बिलासपुर का पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक, मनेंद्रगढ़ तथा मध्य प्रदेश के जबलपुर और शहडोल से सीधा संपर्क प्रभावित हो गया है।
अगले 2 दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। कई स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजनांदगांव सबसे गर्म
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



