Bilaspur Accident: बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में सीएमओ लिखी स्कोडा कार की टक्कर से बाइक सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से टूटी हुई सीएमओ लिखी नंबर प्लेट जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।![]()
जानकारी के अनुसार, मुंगेली कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद स्कोडा कार तखतपुर की ओर लौट रही थी। शुक्रवार रात करीब 11 बजे मुंगेली-पथरिया मोड़ के पास कार की सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। बाद में कार नगर पालिका परिसर में क्षतिग्रस्त हालत में मिली।
2 महिलाओं की मौत
हादसे के समय बाइक पर ग्राम मझगांव निवासी भुनेश्वर साहू (32), किरण बांसोड़ (36) और हेमलता साहू (39) सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से किरण बांसोड़ और हेमलता साहू की मौके पर मौत हो गई। घायल भुनेश्वर साहू को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया है।
CMO लिखी नंबर प्लेट मिली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी। टक्कर के दौरान वाहन की आगे लगी सीएमओ लिखी नंबर प्लेट टूटकर सड़क पर गिर गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। हालांकि, कार किसके द्वारा चलाई जा रही थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जांच में जुटी पुलिस
जरहागांव थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस नंबर प्लेट, क्षतिग्रस्त कार और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर चालक की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


