CG Sports Award: छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के लिए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों से विभिन्न खेल पुरस्कारों, सम्मानों, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद प्रोत्साहन राशि, प्रेरणा निधि और डाइट मनी के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र आवेदक 5 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।![]()
इन पुरस्कारों के लिए मांगे गए आवेदन
विभाग ने शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खिलाड़ियों के लिए नगद प्रोत्साहन राशि, प्रेरणा निधि और डाइट मनी के लिए भी आवेदन किए जा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ट्रॉफी में मिलेगी लाखों की पुरस्कार राशि
मुख्यमंत्री ट्रॉफी के तहत चार सदस्यीय टीमों को सीनियर वर्ग में 2 लाख रुपए और जूनियर वर्ग में 1 लाख रुपए का पुरस्कार मिलेगा। वहीं चार से अधिक खिलाड़ियों वाली टीमों को सीनियर वर्ग में 5 लाख रुपए और जूनियर वर्ग में 3 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
डाइट मनी और नगद प्रोत्साहन का लाभ
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नगद प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने या राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करने वाले 19 वर्ष तक के खिलाड़ी डाइट मनी के लिए आवेदन कर सकेंगे। खेल संघों को वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों के आधार पर प्रेरणा निधि के लिए भी आवेदन करने का अवसर दिया गया है।
5 अगस्त तक करें आवेदन
विभाग ने आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त 2026 निर्धारित की है। राज्य खेल संघों की अनुशंसा वाले आवेदन निर्धारित समय तक स्वीकार किए जाएंगे। जिन खिलाड़ियों की उपलब्धियां पात्रता के अनुरूप हैं, लेकिन उनके नाम की अनुशंसा संबंधित खेल संघ ने नहीं की है, वे भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड किए जाने पर ही मान्य होंगे।

