Kiran Singh Dev Accident: छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार को सड़क हादसे में घायल हो गए। उनकी कार NH-44 पर टेकरी के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में किरण सिंह देव और उनके वाहन चालक को चोटें आई हैं।![]()
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना NH-44 पर टेकरी के पास हुई। किरण सिंह देव की कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के समय किरण देव जिस वाहन में सवार थे, उसमें उनके साथ PSO थे, वहीं परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में थे। टक्कर के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
झांसी मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए किरण सिंह देव और उनके वाहन चालक को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों चिकित्सकों की निगरानी में हैं। हादसे की सूचना मिलते ही तालबेहट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किरण सिंह देव अपने निजी कार्यक्रम के सिलसिले में बागेश्वर धाम गए थे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर वे परिवार के साथ वहां पहुंचे थे और वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि झांसी-ललितपुर मार्ग पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई।



