CG Rape: मुंगेली जिले के लालपुर थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे पीड़िता के माता-पिता खेत में काम करने गए थे। घर पर उनकी दिव्यांग बेटी अकेली थी। दोपहर करीब 2 बजे जब माता-पिता वापस लौटे तो उन्होंने बेटी को रोते हुए देखा। पूछताछ करने पर पीड़िता ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला युवक घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया।![]()
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने लालपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया, मेडिकल परीक्षण कराया और अन्य आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
बिलासपुर से आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। 26 जुलाई को सूचना मिली कि आरोपी बिलासपुर जिले के ग्राम बेलसरा में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।


