CG Bus Accident: दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भांसी थाना क्षेत्र में महेंद्रा ट्रेवल्स की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 10 से 12 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।![]()
अनियंत्रित होकर पलटी बस
जानकारी के अनुसार यात्रियों से भरी महेंद्रा ट्रेवल्स की बस धुरली के पास मंगलवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद शुरू की।
घटना की सूचना मिलते ही भांसी के जवान मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
घायल यात्रियों का इलाज जारी
हादसे में घायल 10 से 12 यात्रियों में से कुछ को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल और अन्य को बचेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। दुर्घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


