Raipur Congress Protest: रायपुर में कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना जारी, 16 घंटे से थाने के बाहर डटे नेता; भाजपा नेताओं पर काउंटर FIR की मांग

Raipur Congress Protest: रायपुर में कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना जारी

Raipur Congress Protest: रायपुर के खम्हारडीह थाने के सामने कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता 16 घंटे से अधिक समय से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हुए विवाद के बाद कांग्रेस के 12 नेताओं और कई कार्यकर्ताओं पर गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किए जाने के विरोध में यह धरना दिया जा रहा है। कांग्रेस की मांग है कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी काउंटर मामला दर्ज किया जाए।tc

थाने के बाहर रातभर डटे रहे कांग्रेसी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई नेता और कार्यकर्ता थाने के बाहर धरने पर बैठे हैं। देर रात प्रदर्शनकारियों ने टेंट, दरी, कालीन और गद्दों की व्यवस्था कर सड़क पर ही धरना जारी रखा। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शन के दौरान लगातार नारेबाजी की गई।

भाजपा नेताओं पर कार्रवाई की मांग

दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के मंत्री, विधायक और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि पत्थरबाजी के लिए भाजपा नेताओं ने ही कार्यकर्ताओं को उकसाया था। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा नेताओं के खिलाफ काउंटर मामला दर्ज नहीं किया जाएगा, तब तक धरना जारी रहेगा।

ACP पूर्णिमा लामा ने कहा कि कांग्रेस की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

BJP के खिलाफ आर-पार की लड़ाई : दीपक बैज

दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई आर-पार की है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई युवाओं, छात्रों और सच्चाई के लिए लड़ी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोध प्रदर्शनों से घबराई हुई है और एकपक्षीय कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कहा कि पुलिस पहले भाजपा के मंत्री और विधायकों के खिलाफ भी मामला दर्ज करे। उनका कहना है कि बिना जांच कार्रवाई करना उचित नहीं है। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की भी मांग की, ताकि पूरी घटना की सच्चाई सामने आ सके।

काउंटर FIR दर्ज होने तक धरना जारी

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यालय का घेराव भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया था और पत्थरबाजी व अन्य घटनाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मामला दर्ज नहीं होगा, तब तक कांग्रेस का धरना जारी रहेगा। फिलहाल कांग्रेस नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत का दौर जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *