CG School: छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूली शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए नए शैक्षणिक कैलेंडर को मंजूरी दे दी है। स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार अब प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र 16 जून के बजाय 1 अप्रैल 2027 से शुरू होगा। यह नई व्यवस्था आगामी शैक्षणिक सत्र से लागू की जाएगी।![]()
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब प्रदेश में शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से 31 मार्च तक संचालित होगा। यह व्यवस्था राष्ट्रीय शिक्षा बोर्डों के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप लागू की जा रही है, ताकि विद्यार्थियों को पूरे सत्र में पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल सके।
नई व्यवस्था के तहत 1 अप्रैल से विद्यार्थियों का प्रवेश, नियमित कक्षाओं का संचालन, पाठ्यपुस्तकों का वितरण, यूनिफॉर्म और साइकिल जैसी शासकीय योजनाओं का लाभ भी इसी अवधि में दिया जाएगा। इससे सत्र की शुरुआत में होने वाली प्रशासनिक देरी कम होने की उम्मीद है।
आदेश के अनुसार 1 मई से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। इसके बाद स्कूल दोबारा नियमित रूप से संचालित होंगे और निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार पढ़ाई जारी रहेगी।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस बदलाव से शिक्षकों को पूरे सत्र की बेहतर शैक्षणिक योजना बनाने का अवसर मिलेगा। वहीं विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पूरा करने और परीक्षाओं, विशेषकर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए अधिक समय मिलेगा, जिससे परीक्षा परिणामों में सुधार की संभावना है।


