CG Murder: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जमीन बंटवारे के विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। उरगा थाना क्षेत्र के चीतापाली गांव में एक बेटे ने अपनी मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे पिता पर भी जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के कुछ घंटों बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।![]()
पुलिस के अनुसार, ग्राम चीतापाली निवासी रामकुमार यादव लंबे समय से परिवार की जमीन के बंटवारे की मांग कर रहा था। परिजनों द्वारा बंटवारा करने से इनकार किए जाने पर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आरोपी ने अपनी मां जानकुंवर यादव के सिर पर लाठी से लगातार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पिता पर भी जानलेवा हमला
मां पर हमला होता देख पिता श्यामलाल यादव बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन पर भी लाठी से हमला कर दिया। हमले में उनका पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। घायल श्यामलाल यादव का अस्पताल में इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी रामकुमार यादव दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शनिवार सुबह पुलिस ने आरोपी को ग्राम अंजोरीपाली से गिरफ्तार कर लिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।

