CG News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम नहीं आने से आहत एक महिला ने अपनी बेटी के साथ आत्मदाह करने की कोशिश की। समय रहते स्थानीय लोगों ने दोनों को बचा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना सोमनी चौकी क्षेत्र के ग्राम डिलापाहरी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।![]()
15 साल से आवास मिलने का था इंतजार
जानकारी के अनुसार शहर से करीब छह किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत डिलापाहरी की रहने वाली महिला पिछले लगभग 15 वर्षों से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान मिलने का इंतजार कर रही थी। बताया जा रहा है कि जब महिला को जानकारी मिली कि योजना की पात्रता सूची में उसका नाम शामिल नहीं है, तो वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।
मां-बेटी उठाया खौफनाक कदम
बुधवार शाम महिला ने अपनी बेटी के साथ कथित तौर पर शरीर पर मिट्टी का तेल डालकर जान देने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को समय रहते बचा लिया। स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद महिला को प्राथमिक उपचार के लिए बसंतपुर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल सामान्य है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला द्वारा यह कदम प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की वजह से उठाया गया।



