Raipur Job Fair: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र रायपुर द्वारा 25 जून को संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, सेजबहार में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। मेले में 900 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।![]()
कई कंपनियां लेंगे भाग
उप संचालक डॉ. शशि अतुलकर ने बताया कि रोजगार मेले में कई निजी कंपनियां और संस्थान भाग लेंगे। इनमें यूनिक्स सॉल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड, एसआर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, ऑप्टिवल हेल्थ सॉल्यूशन्स, वोडाफोन आइडिया, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, शांता टेक्नो, एलक्सर कम्युनिकेशन, एसकेएस इस्पात एंड पावर लिमिटेड तथा आई टेक लिफ्ट्स रायपुर सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल होंगे।
इन अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
रोजगार मेले में 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा, फार्मेसी, नर्सिंग, पैरामेडिकल तथा इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके अभ्यर्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा एमबीबीएस और बीएएमएस चिकित्सकों की भर्ती भी की जाएगी।
ये दस्तावेज जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा की छायाप्रति तथा पासपोर्ट आकार का फोटो साथ लाना होगा।
ऑनलाइन आवेदन जरूरी
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यह रोजगार मेला पूरी तरह निशुल्क रहेगा।


