CG School Session: छत्तीसगढ़ के सरकारी और सीजी बोर्ड से संबद्ध निजी स्कूलों में अगले शैक्षणिक सत्र से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल की तर्ज पर प्रदेश में नया शैक्षणिक सत्र 16 जून के बजाय 1 अप्रैल से शुरू होगा। यह निर्णय स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों की समीक्षा बैठक में लिया गया।
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने बताया कि इस बदलाव का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अधिक समय उपलब्ध कराना है। नई व्यवस्था को लेकर विभाग जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।![]()
31 मार्च तक जारी होंगे परीक्षा परिणाम
नई व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम हर हाल में 31 मार्च तक जारी कर दिए जाएं, ताकि 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र बिना किसी देरी के शुरू हो सके।
31 जुलाई तक ड्रॉपआउट बच्चों का विशेष अभियान
बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री ने पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा स्कूलों से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और 31 जुलाई तक ऐसे बच्चों का दोबारा प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर में कमी आई है, लेकिन हाई स्कूल स्तर पर अब भी 15.3 प्रतिशत बच्चे पढ़ाई बीच में छोड़ रहे हैं। आर्थिक परिस्थितियों सहित अन्य कारणों से यह समस्या बनी हुई है, जिसे दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
क्यों किया गया बदलाव
नई व्यवस्था लागू होने से CBSE और सीजी बोर्ड के शैक्षणिक कैलेंडर में समानता आएगी। अप्रैल से सत्र शुरू होने पर प्रवेश प्रक्रिया और पुस्तक वितरण में समय की बचत होगी तथा विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। इससे शिक्षकों को पाठ्यक्रम पूरा कराने, रिवीजन, प्रैक्टिस टेस्ट और कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं संचालित करने में भी सुविधा होगी।
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने कहा कि अगले वर्ष से 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू करने का निर्णय शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से लिया गया है। विभाग की कोशिश रहेगी कि स्कूल खुलने के साथ ही विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें भी उपलब्ध करा दी जाएं।

