Bilaspur Accident: बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलतरा के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई मजदूरी का काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गए।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक मजदूरी का कार्य कर वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान बेलतरा के पास हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। चालक का वाहन से नियंत्रण हटने के बाद ट्रेलर सड़क पर पलट गया।
हादसे के दौरान बाइक सवार दोनों सगे भाई ट्रेलर की चपेट में आ गए और भारी वाहन के नीचे दब गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रेलर के नीचे दबे शवों को बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की।
