Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगल से 20 वर्षीय युवती का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती पिछले 20 दिनों से लापता थी। शव के पास से जहर की एक शीशी भी बरामद हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला बालको थाना क्षेत्र के नवाडीह जंगल का है। मृतका की पहचान भैरोताल निवासी सपना धनुवार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण बालको थाने पहुंचे। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि सपना धनुवार ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी सुनियोजित हत्या की गई है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

