Raipur Student Murder: रायपुर में मोटा बोलने पर छात्र की हत्या, दूसरे कि हालात नाजुक

Raipur Student Murder: राजधानी रायपुर के तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव में दो किशोरों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में 16 वर्षीय छात्र अमन यदु की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय एक अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल का अस्पताल में उपचार जारी है। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और आपस में परिचित बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मृतक अमन यदु और घायल किशोर सासाहोली गांव के वार्ड क्रमांक-1 के निवासी हैं। दोनों ने हाल ही में 9वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और एक ही स्कूल में अध्ययनरत थे। जांच में सामने आया है कि परीक्षा के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और मनमुटाव शुरू हुआ था। इसी विवाद के चलते शुक्रवार को दोनों आमने-सामने आ गए।

बताया जा रहा है कि स्कूल से लौटने के दौरान अमन ने किशोर को रास्ते में बुलाया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और चाकूबाजी की घटना हो गई। झड़प के दौरान दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान अमन यदु की मौत हो गई, जबकि घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार दोनों किशोरों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। दोनों परिवार एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं और एक ही गांव में रहते हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। फिलहाल तिल्दा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *