CG Police Transfer: छत्तीसगढ़ में जल्द ही पुलिस और वन विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिल सकता है। पुलिस अधीक्षक (SP), महानिरीक्षक (IG) से लेकर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) और अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (APCCF) स्तर के अधिकारियों के तबादले की तैयारी चल रही है।
सूत्रों के अनुसार बस्तर आईजी पी. सुंदरराज के राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में प्रतिनियुक्ति पर जाने और जुलाई में पीसीसीएफ अनिल साहू के सेवानिवृत्त होने के मद्देनजर यह प्रशासनिक बदलाव किए जा सकते हैं। इसके साथ ही नए वनबल प्रमुख की नियुक्ति के बाद विभागीय स्तर पर नई टीम तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

सभी रेंज के IG हो सकते हैं प्रभावित
जानकारी के मुताबिक प्रस्तावित फेरबदल में प्रदेश के सभी प्रमुख रेंजों के आईजी स्तर के अधिकारी प्रभावित हो सकते हैं। बस्तर आईजी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए कार्यमुक्त किए जाने के बाद तबादला सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं राज्य लघुवनोपज संघ के प्रबंध संचालक एवं पीसीसीएफ अनिल साहू की सेवानिवृत्ति के बाद एपीसीसीएफ स्तर के किसी वरिष्ठ अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार दिए जाने की भी चर्चा है।
16 जिलों के SP बदलने की संभावना
पुलिस विभाग में होने वाले संभावित फेरबदल में 16 जिलों के पुलिस अधीक्षक प्रभावित हो सकते हैं। इनमें रायपुर पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर ग्रामीण, दुर्ग, धमतरी, जांजगीर-चांपा, कोरबा, बेमेतरा, बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर तथा बस्तर और राजनांदगांव रेंज के कई जिले शामिल बताए जा रहे हैं।
इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी), एसडीओपी और निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के तबादले भी सूची में शामिल हो सकते हैं।
इन अधिकारियों पर नजर
सूत्रों का कहना है कि सरकार ऐसे अधिकारियों पर विशेष रूप से विचार कर रही है, जो अपने वर्तमान पदस्थापन स्थल पर दो वर्ष या उससे अधिक समय से कार्यरत हैं। इसके अलावा जिन अधिकारियों के तबादला आदेश पहले जारी किए गए थे, लेकिन प्रशासनिक या तकनीकी कारणों से वे नई जगह कार्यभार ग्रहण नहीं कर पाए थे, उन्हें भी नई सूची में समायोजित किया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि निरीक्षक से पदोन्नत होकर डीएसपी बने अधिकारियों की नई पदस्थापना सूची भी इसी फेरबदल के दौरान जारी की जा सकती है।
अंतिम मंजूरी का इंतजार
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की व्यस्तता के कारण अभी सूची को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलने के बाद बड़े पैमाने पर तबादला आदेश जारी होने की संभावना है।

