CG News: धरसीवाँ में सेवा सदन का शुभारंभ, जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

CG News: धरसीवाँ विधानसभा क्षेत्र में जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से “सेवा सदन” विधायक कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यालय का उद्घाटन छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने किया। इस अवसर पर धरसीवाँ विधायक अनुज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

tcw

सेवा सदन से सीधे जुड़ सकेगी जनता

सेवा सदन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की जनता को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक सुलभ मंच उपलब्ध कराना है। अब क्षेत्र के नागरिक अपनी शिकायतें, सुझाव और समस्याएं सीधे इस कार्यालय में दर्ज करा सकेंगे, जिनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

जरूरतमंदों को सहायता राशि का वितरण

कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा की अनुशंसा पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत जरूरतमंद, अस्वस्थ और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।

इसके साथ ही क्षेत्र के विकास और सामाजिक कार्यों में योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों, वरिष्ठ नागरिकों और समाजसेवियों का शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

अब नहीं जाना पड़ेगा रायपुर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि सेवा सदन जनता की उम्मीदों और अधिकारों का केंद्र बनेगा। इसके माध्यम से धरसीवाँ के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए रायपुर नहीं जाना पड़ेगा। जनता सीधे कार्यालय पहुंचकर अपनी बात रख सकेगी और समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

“12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विषय पर प्रेस वार्ता

उद्घाटन समारोह के साथ एक विशेष प्रेस वार्ता का भी आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल पूरा करने पर चर्चा की गई।

वक्ताओं ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

सौरभ सिंह ने कहा कि सेवा सदन केवल एक कार्यालय नहीं बल्कि जनता के विश्वास का केंद्र बनेगा। वहीं विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि जनता की सेवा ही उनका सबसे बड़ा दायित्व है और सेवा सदन के माध्यम से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *