CG Liquor News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में सरकारी देसी शराब दुकान से खरीदी गई सील पैक शराब की बोतल में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद शराब उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों ने शराब की गुणवत्ता, पैकेजिंग प्रक्रिया और निगरानी व्यवस्था की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उल्लेखनीय है कि पिछले 10 दिनों के भीतर प्रदेश में इस तरह का यह दूसरा मामला है।![]()
जानकारी के अनुसार डभरा स्थित शासकीय देशी शराब दुकान से गुरुवार को एक व्यक्ति ने प्लेन ब्रांड का पौवा खरीदा था। शराब पीने के लिए जब उसने बोतल खोली तो उसमें कीड़ा दिखाई दिया। इसके बाद उसने इसकी शिकायत दुकान के सेल्समैन से की और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
इससे पहले बालोद जिले के तांदुला डैम के पास स्थित देसी शराब दुकान से खरीदी गई रोमियो ब्रांड की शराब की बोतल में कांच के टुकड़े मिलने का मामला सामने आया था। कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। उस मामले में आबकारी विभाग ने जांच कराने का आश्वासन दिया था।
गुणवत्ता पर उठे सवाल
मामला सामने आने के बाद लोगों का कहना है कि सरकारी दुकानों में बिकने वाली शराब की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उपभोक्ताओं का कहना है कि उत्पादों की नियमित जांच और निगरानी जरूरी है ताकि ग्राहकों की सुरक्षा और भरोसा कायम रह सके।
कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने आबकारी विभाग से मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शिकायत सही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। मामले में डभरा आबकारी वृत्त प्रभारी कोमल सिदार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।



