CG Double Murder: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुरानी रंजिश के चलते हुए दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आरोपियों ने पति-पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने के बाद उनके शवों को बोरों में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया था। घटना का राज एक सप्ताह बाद तब खुला, जब ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान पहुंचे और वहां ताजा दफन के निशान देखकर उन्हें शक हुआ। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। (गरियाबंद पति पत्नी की हत्या)![]()
मामला शोभा थाना क्षेत्र के गरीबा गांव का है। मृतकों की पहचान राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 6 जून को पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने डंडों से हमला कर दोनों की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शवों को श्मशान घाट में दफना दिया गया। (गरियाबंद श्मशान में दफन शव)
श्मशान में ताजा दफन के निशान से खुला राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब गांव के एक अन्य व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीण श्मशान घाट पहुंचे। वहां उन्हें दो स्थानों पर ताजा दफन के निशान दिखाई दिए। ग्रामीणों को यह संदिग्ध लगा, क्योंकि गांव में हाल के दिनों में किसी अन्य व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई थी।
इस दौरान ग्रामीणों को पिछले एक सप्ताह से लापता राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम की याद आई। शक गहराने पर ग्रामीणों ने शोभा थाना पहुंचकर मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने खुदवाकर निकाले शव
सूचना मिलने के बाद शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने श्मशान घाट में खुदाई करवाई, जहां से दो शव बरामद किए गए। जांच में पुष्टि हुई कि दोनों शव राजाराम नेताम और आशो बाई नेताम के हैं। (Gariaband Husband Wife Murder)
3 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का कारण सामने आया है। पुलिस आरोपियों से मामले के अन्य पहलुओं पर भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद मामले से जुड़े और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।




