CG Income Tax Transfer: आयकर विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ (सीजी-एमपी) कार्यालय ने 182 अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। तबादला सूची में अतिरिक्त आयुक्त, संयुक्त आयुक्त, उपायुक्त और आयकर अधिकारी (आईटीओ) स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को 12 से 15 जून के बीच अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।![]()
182 अधिकारियों के तबादले
जारी आदेश के तहत 20 अतिरिक्त आयुक्त, संयुक्त आयुक्त और अतिरिक्त संयुक्त अन्वेषण निदेशक स्तर के अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इसके अलावा 48 उपायुक्त और 114 आयकर अधिकारियों (आईटीओ) को भी नई जगहों पर पदस्थ किया गया है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, सूची में शामिल कई अधिकारी हाल ही में पदोन्नत हुए थे, जिसके चलते उनके स्थानांतरण की संभावना पहले से जताई जा रही थी।
कई अधिकारियों को मिला अतिरिक्त प्रभार
तबादलों के साथ विभाग ने कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। आदेश के अनुसार 18 अतिरिक्त आयुक्त और 11 उपायुक्तों को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, ताकि विभागीय कार्यों का संचालन बिना किसी बाधा के जारी रह सके।
इंदौर, भोपाल, रायपुर और ग्वालियर में सबसे ज्यादा बदलाव
स्थानांतरण सूची में इंदौर, भोपाल, रायपुर, बिलासपुर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर और बस्तर संभाग से जुड़े अधिकारियों के नाम शामिल हैं। कई अधिकारियों को एक शहर से दूसरे शहर भेजा गया है, जबकि कुछ को विभागीय आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त दायित्व सौंपे गए हैं।
12 से 15 जून तक नया पदभार
प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्थानांतरित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। विभाग ने समय पर जॉइनिंग सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
ये हैं प्रमुख तबादले
स्थानांतरण सूची के अनुसार अक्षय जैन को उज्जैन से इंदौर, अरुण कुमार गुर्जर को ग्वालियर, बिपिन कुमार अहिरवार को रायपुर, राजेश्वर रेड्डी को रायपुर तथा कपिल कपूर को बिलासपुर से इंदौर पदस्थ किया गया है। विभाग की तीन पृष्ठों की सूची में कुल 182 अधिकारियों के स्थानांतरण और नई पदस्थापनाओं का विवरण शामिल है।

