Raipur Breaking: रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माणिकचौरी में एक घर के अंदर महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं उसी कमरे में दूसरी महिला बेहोशी की हालत में मिली, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक तौर पर भीषण गर्मी और लू को घटना की वजह माना जा रहा है।![]()
जानकारी के अनुसार ग्राम माणिकचौरी स्थित एक मकान में करीब 60 वर्षीय दो महिलाएं एक ही कमरे में मौजूद थीं। काफी समय तक घर के भीतर कोई हलचल नहीं होने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे के भीतर एक महिला का शव बरामद किया, जबकि दूसरी महिला अचेत अवस्था में पड़ी मिली। पुलिस ने तत्काल बेहोश महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक मृत महिला का शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शुरुआती जांच में भीषण गर्मी और लू के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल अभनपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

