CG Video: BEO ऑफिस में शराब पार्टी का VIDEO वायरल, दो शिक्षा कर्मी निलंबित

CG Video: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय में कथित शराब पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए दो शिक्षा कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

 

जारी आदेश के मुताबिक, सहायक ग्रेड-02 रविन्द्र सिंह गहरवार और शासकीय प्राथमिक शाला सण्डी के प्रधान पाठक सुनील कुमार वर्मा पर BEO कार्यालय परिसर में रात्रिकालीन समय में शराब सेवन करने का आरोप लगा है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर प्रारंभिक जांच कराई गई, जिसमें दोनों कर्मचारियों का आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विपरीत पाया गया।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत विभागीय जांच प्रस्तावित की है। साथ ही दोनों कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन आदेश जारी कर दिया गया है।

 

निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय BEO कार्यालय छुईखदान निर्धारित किया गया है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *