रायपुर | Raipur News : जिले के उरला थाना क्षेत्र के कन्हेरा गांव में बिजली सबस्टेशन बनाने को लेकर बड़ा विवाद हो गया है। गांव के लोग शमशान घाट की जमीन पर सबस्टेशन बनाए जाने का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस जमीन का इस्तेमाल सालों से अंतिम संस्कार के लिए होता आ रहा है, इसलिए यहां निर्माण नहीं होना चाहिए।
मंगलवार को गांव में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
विरोध के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। इसके बाद पुलिस ने गांव के सरपंच, जिला पंचायत सदस्य समेत कई ग्रामीणों को हिरासत में ले लिया। बाद में सभी को बस में बैठाकर सेंट्रल जेल रायपुर भेज दिया गया।
