CG Murder: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में फेमस टुनटुन दाबेली सेंटर के संचालक अमन ओझा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। अमन ओझा का शव झारखंड के रंका क्षेत्र में मिला है, जबकि उनकी बाइक बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र से बरामद हुई है।
जानकारी के मुताबिक, अमन ओझा पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट और वीडियो को लेकर चर्चा में थे। उन्होंने एक मुस्लिम युवक पर अपनी पत्नी को भगाकर ले जाने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही उन्होंने वीडियो जारी कर अपनी हत्या की आशंका जताई थी और धमकियां मिलने की बात कही थी।
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि अमन ओझा ने धमकी मिलने के बाद अंबिकापुर कोतवाली थाना में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। बताया जा रहा है कि शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। झारखंड पुलिस ने शव की पहचान के लिए फोटो जारी किया था, जिसके बाद मृतक की पहचान अमन ओझा के रूप में हुई।
इधर भाजपा नेता दिनेश शुक्ला ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। फिलहाल झारखंड के रंका थाना पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
