Durg Video: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई क्षेत्र में LPG गैस की किल्लत के बीच गैस एजेंसी में मारपीट का मामला सामने आया है। खुर्सीपार स्थित शताक्षी गैस एजेंसी में तैनात बाउंसर द्वारा एक ग्राहक के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग लाइन में खड़े थे। भीड़ ज्यादा होने के कारण एजेंसी संचालकों ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाउंसर तैनात किए थे। इसी दौरान लाइन में खड़े एक युवक और बाउंसर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बाउंसर ने युवक के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान लाइन में खड़े अन्य ग्राहकों के साथ भी बदसलूकी की गई।
घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई है। हालांकि, अब तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
